पूर्व विधायक इरफान सोलंकी का परिवार फिर सुर्खियों में हैं। नगर निगम में तैनात महिला सफाई कर्मी ने उनके भाई व सपा विधायक नसीम सोलंकी के देवर बब्लू सोलंकी के खिलाफ गालीगलौज, पीटने और अभद्रता करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मेडिकल कराकर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैंट के लाल कुर्ती तोपखाना की रहने वाली महिला सफाई कर्मी रूपरानी ने बताया कि वह केडीए बाजार की बीट पर तैनात हैं। दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 30 अप्रैल की सुबह वह डिफेंस कॉलोनी में पूर्व विधायक इरफान सोलंकी के घर के सामने कूड़ा उठा रही थीं। तभी इरफान का छोटा भाई और सपा विधायक नसीम सोलंकी का देवर बब्लू सोलंकी कार से उतरा और बिना किसी बात के उनसे गालीगलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने मारा। अभद्रता कर जान से मारने की धमकी देते हुए धक्का मारकर भगा दिया। घटना में उनके हाथ से खून बहने लगा। पीड़िता ने बताया कि इसके बाद वह जाजमऊ थाने पहुंचे और शिकायत की। पुलिस ने मेडिकल कराया। जाजमऊ थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर कार्रवाई की जा रही है।