कानपुर। कानपुर रेड टीम ने एकता सिंह की बल्लेबाजी ओर सिद्धि मिश्रा की गेंदबाजी के दम पर फाइनल में लखनऊ को 44 रन से हराकर स्पार्क कप जीत लिया है। एकता सिंह ने 65 रन की पारी खेली, जबकि सिद्धि मिश्रा ने तीन विकेट चटाए। मैच के अंत में सिद्धि को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब मिला।
चतुर्थ डॉ. गौर हरि सिंहानिया स्मारक राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला मंगलवार को जेके लोको स्टेडियम में हुआ। टॉस जीतकर कानपुर रेड ने बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 25 ओवर में चार विकेट पर 163 रन का स्कोर बनाया। एकता सिंह ने 65 रन की शानदार पारी खेली, जबकि बबिता यादव ने 48 और निशा वर्मा ने 23 रन का योगदान दिया। अनविशा को एक विकेट मिला।
निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ लखनऊ की टीम 25 ओवर में छह विकेट पर 119 रन ही बना सकी। आरजू सिंह ने नाबाद 34 और आयुषी श्रीवास्तव ने 26 रन की पारी खेली। सिद्धि मिश्रा ने तीन विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई, जबकि क्षमा सिंह और सिद्धि सिंह राजावत ने एक-एक विकेट किया।
शानदार श्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार बबिता यादव, श्रेष्ठ गेंदबाज का सम्मान सिद्धि मिश्रा और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब एकता सिंह को मिला। समापन समारोह में केसीए चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कार प्रदान किए। केसीए सचिव कौशल कुमार सिंह, दिनेश कटियार समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।