कानपुर में एल्डर्स कमेटी और बार एसोसिएशन कार्यकारिणी के बीच एक बार फिर सुलह हो गई है। एल्डर्स कमेटी ने पूर्व अध्यक्ष मंडल के साथ रामनाथ सेठ हॉल में बैठक की। इसमें बार एसोसिएशन महामंत्री, कोषाध्यक्ष व मंत्री भी शामिल हुए। पुराने विवाद भूलकर सर्वसम्मति से चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की बात तय हुई। अधिवक्ताओं की मांग पर सदस्यता शुल्क (चंदा) जमा करने की तारीख दो दिन और बढ़ा दी गई।
एल्डर्स कमेटी चेयरमैन धर्मवीर सिंह गौर की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें कार्यकारिणी के साथ मतभेद खत्म करने की बात कही गई। चेयरमैन ने कहा कि सभी मुद्दे खत्म हो चुके हैं। एल्डर्स कमेटी मॉडल बाइलाज के तहत समय से चुनाव कराएगी। बुधवार को सदस्यों का सदस्यता शुल्क (चंदा) जमा करने की आखिरी तारीख थी लेकिन कुछ सदस्यों ने चंदा न जमा कर पाने के कारण तारीख आगे बढ़ाने की मांग की थी। एल्डर्स कमेटी ने कार्यकारिणी से विचार-विमर्श के बाद तारीख 7 जुलाई तक बढ़ा दी है। महामंत्री अनुराग श्रीवास्तव का कहना है कि 7 जुलाई को शाम 4 बजे तक ही चंदा जमा होगा। इसके बाद कोई तारीख नहीं बढ़ेगी।