Kanpur News: मंधना सबस्टेशन के इनकमर में चूहा घुस जाने के कारण जोरदार धमाका हुआ, जिससे मंधना से जुड़े 103 गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। सुबह साढ़े छह बजे से लेकर दोपहर साढ़े बारह बजे तक लगभग छह घंटे बिजली गुल रहने से क्षेत्र के 60 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को पानी की किल्लत और दैनिक कार्यों में भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
कानपुर में मंधना सब स्टेशन के इनकमर में बृहस्पतिवार सुबह चूहा घुसने से धमाका हो गया। इससे सब स्टेशन से जुड़े 103 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सुबह से बिजली गुल होने के कारण करीब 60 हजार उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली विभाग की टीम ने करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद आपूर्ति बहाल की।
विज्ञापन
मंधना सबस्टेशन के बिजली कर्मियों के अनुसार सुबह करीब साढ़े छह बजे इनकमर में चूहा घुस गया। इसके चलते उसमें धमाका हो गया और बिजली चली गई। अचानक बिजली गुल होने से ग्रामीणों के रोजमर्रा के काम प्रभावित हुए। घरों में पानी भरने से लेकर बिजली से चलने वाले अन्य उपकरणों का इस्तेमाल करने में दिक्कत हुई। मरम्मत के बाद दोपहर करीब साढ़े बारह बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।