Farrukhabad News: मऊदरवाजा थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव गढ़िया ढीलावल में बृहस्पतिवार देर रात सड़क किनारे स्थित एक किराने की दुकान में संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। हादसे में पीड़ित दुकानदार ओमप्रकाश कश्यप का लगभग डेढ़ लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
फर्रुखाबाद जिले में मऊदरवाजा थाने के गांव गढ़िया ढीलावल निवासी ओमप्रकाश कश्यप की सड़क किनारे किराने की दुकान है। वो बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे दुकान बंद करके कुछ दूरी पर दूसरी दुकानों के बाहर पड़े तख्त पर सो गए।
रात करीब साढ़े 12 बजे अचानक दुकान से आग की लपटे उठती देख शोरगुल किया। मोहल्ले के लोगों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। तब तक दुकान में फ्रिजर, आटा, दालें, चीनी, चावल समेत करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान जल गया। ओमप्रकाश ने बताया कि आग किसी ने लगाई है।