कुछ लोगों ने युवा पीढ़ी को भ्रमित किया
हमारे नेतृत्व के लोगों या कार्यकर्ताओं से गलती नहीं हुई है। कांग्रेस राम का अस्तित्व ही नहीं मानती। सपा ने राम भक्तों पर गोली चलवाई। कांग्रेस और सपा पहले यह तो बताए कि राम से उनका वास्ता क्या है। विपक्ष के अनर्गल आरोपों के बीच राम मंदिर में भक्तों की संख्या के साथ चढ़ावे में भी बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में जेन-जी के प्रदर्शन के सवाल पर कहा कि कुछ लोगों ने युवा पीढ़ी को भ्रमित किया।
परिवार बड़ा होता है, तो छोटी-मोटी बातें सामने आती रहती हैं
धर्मेंद्र प्रधान स्कूल-कॉलेज की किताबों से गुलामी की दास्तान हटाकर भारत के गौरवशाली इतिहास को जगह दे रहे थे यह उन लोगों को पच नहीं पाया। इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गलती करने वाले युवाओं को माफ किया। भाजपा में गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने कहा कि परिवार बड़ा होता है, तो छोटी-मोटी बातें सामने आती रहती हैं। उनका संज्ञान लेकर समय से निस्तारण कर दिया जाता है।
बोर्ड, सर्वे और फीडबैक पर मिलता है टिकट
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हमारी पार्टी में टिकट संसदीय बोर्ड तय करता है। इसमें पार्टी की ओर से कराए गए सर्वे की रिपोर्ट और संगठन का फीडबैक भी महत्वपूर्ण होता है। विधानसभा चुनाव का टिकट उसी प्रत्याशी को मिलेगा जो भाजपा का निष्ठावान कार्यकर्ता हो। सामाजिक छवि ठीक हो। जनता के बीच स्वीकार्यता हो और जातिगत समीकरण के सांचे में फिट बैठता हो। भाजपा जनता के बीच अपने सुशासन, विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं, गुंडाराज के खात्मे और युवाओं को रोजगार जैसे प्रमुख कार्यों के आधार पर जाएगी। फिलहाल हमारा पूरा फोकस संत रविदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और स्वतंत्रता दिवस पर भव्य तिरंगा यात्राओं के आयोजन पर है।
क्षेत्रीय कार्यकारिणी के लिए नाम भेजे जा चुके
कानपुर-बुंदेलखंड की क्षेत्रीय कार्यकारिणी के गठन के सवाल पर राम किशोर साहू ने कहा कि कामकाज और अनुभव के आधार पर प्रदेश नेतृत्व को सभी पदों के लिए विकल्प भेज दिए गए हैं। प्रदेश नेतृत्व के निर्णय के आधार पर क्षेत्रीय कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। भाजपा विचारधारा आधारित पार्टी है। भाजपा में व्यक्ति महत्वपूर्ण नहीं होता है, हम सभी संगठन के लिए ही जीते-मरते हैं।