खेत में चरने गई थीं भैंसें, करंट दौड़ने से तड़पकर तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, भेवली गांव निवासी किसान छोटकन और हरपाल रोजाना की तरह अपनी भैंसों को चराने के लिए खेतों की तरफ गए थे। बंद ईंट भट्ठे के पास पहले से ही टूटकर गिरा बिजली का तार पड़ा था, जिसमें करंट दौड़ रहा था। जैसे ही भैंसें उस जगह पहुँचीं, वे तार के संपर्क में आ गईं और करंट की चपेट में आकर तीनों भैंसों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
शिकायत के बाद भी विभाग ने नहीं ली सुध
पीड़ित किसानों का गंभीर आरोप है कि बिजली का तार कई दिनों से टूटकर नीचे लटका हुआ था। इस संबंध में बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से कई बार शिकायत भी की गई थी, लेकिन विद्युत विभाग ने समय रहते कोई सुध नहीं ली। विभाग की इसी घोर लापरवाही के कारण आज उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ा है।
दो दिन में दूसरा हादसा, ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग सिर्फ बिल वसूलने में तेजी दिखाता है, जबकि जर्जर लाइनों के रखरखाव (मेंटेनेंस) के नाम पर कुछ नहीं किया जाता।
क्षेत्र में लगातार यह दूसरा हादसा है। इससे ठीक एक दिन पहले सोमवार दोपहर को भी कमालपुर गांव के पास बिजली लाइन की चपेट में आने से एक भैंस की मौत हो गई थी। पीड़ित किसानों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मृत भैंसों का उचित मुआवजा देने और लापरवाह बिजली अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।