कानपुर में कल्याणपुर थाने के सामने स्थित सीटीएस बस्ती में चल रहे देह व्यापार का शुक्रवार को भंडाफोड़ हुआ। प्रयागराज की एक एनजीओ की शिकायत पर कल्याणपुर एसीपी विकास कुमार पांडेय ने छापा मारकर देह व्यापार में जबरन ढकेली गई किशोरी को बरामद किया। वहीं, देह व्यापार संचालिका समेत चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
प्रयागराज की एक एनजीओ को सीटीएस बस्ती में संचालित देह व्यापार में एक किशोरी को जबरन इस्तेमाल किए जाने की सूचना मिली थी। इस पर एनजीओ की एक टीम ने शुक्रवार को कल्याणपुर एसीपी विकास कुमार पांडेय से संपर्क किया। किशोरी की बरामदगी के लिए एसीपी ने डीसीपी वेस्ट की क्राइम ब्रांच की टीम के साथ मिलकर किशोरी की बरामदगी की योजना बनाई।
एनजीओ का एक सदस्य ग्राहक बनकर सीटीएस बस्ती में देह व्यापार का संचालन करने वाली हीरा नाम की महिला के पास पहुंचा। यहां सौदा तय हो जाने के बाद सामने आई किशोरी की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने छापा मारकर किशोरी को बरामद किया। साथ ही देह व्यापार कराने वाली हीरा, उसके पति सुभाष, किशोरी को बेचने वाली महिला रेखा समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है।