राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शुक्रवार को लखनऊ में रहेंगी। वह मोहनलालगंज के सुल्तानपुर रोड स्थित ब्रह्मकुमारी राजयोग प्रशिक्षण केंद्र और डिफेंस एक्सपो में आयोजित समारोह में हिस्सा लेंगी। इसके चलते कानपुर में भारी वाहनों का डायवर्जन किया जाएगा। भारी वाहन गुरुवार रात आठ बजे से दिनांक शुक्रवार को कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगा। हालांकि, आपातकालीन सेवा एम्बुलेंस आदि के लिए डायवर्जन लागू नहीं रहेगा। इन वाहनों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर निकाला जाएगा।
डीसीपी ट्रैफिक रवींद्र कुमार ने बताया कि डायवर्जन के चलते बांदा, हमीरपुर, महोबा की तरफ से आने वाले भारी वाहन जिन्हें लखनऊ होकर अंबेडकरनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, गोरखपुर, देवरिया, महाराजगंज, कुशीनगर, बलिया गाजीपुर आजमगढ़ आदि जनपदों को जाना है। ऐसे वाहन घाटमपुर चौराहे से दाएं मुड़कर चौडगरा, फतेहपुर, लालगंज, बछरावां हैदरगढ़, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे होते हुए अपने गंतव्य को जा सकेंगे। वहीं, इटावा, औरैया, झांसी, कानपुर देहात की तरफ से लखनऊ होकर जाने वाले भारी वाहन रामादेवी फ्लाईओवर से दाहिने मुड़कर महाराजपुर, चौडगरा, फतेहपुर, लालगंज, बछरावां, हैदरगढ़, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे होते हुए अपने गंतव्य को जा सकेंगे।