फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur: गर्मी में ओवरलोड हुआ ट्रांसफॉर्मर, दिनभर आती-जाती रही बिजली, कर्रही रोड पर बैरियर लगा धरने पर बैठे लोग

Tue, 19 May 2026 11:35 PM IST
Shikha Pandey न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

भीषण गर्मी में बिजली की आवाजाही से परेशान लोगों ने हंगामा किया। कर्रही रोड पर बैरियर लगा लोग धरने पर बैठ गए। 
विज्ञापन
जाम की रोड - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ट्रांसफॉर्मर ओवरलोड होने से दिनभर ट्रिपिंग और एबीसी केबल फुंकने से जूझ रहे कर्रही सबस्टेशन से जुड़े उपभोक्ताओं का गुस्सा मंगलवार रात फूट पड़ा। आक्रोशित लोग कर्रही रोड पहुंचे और बैरियर लगाकर धरने पर बैठ गए। आक्रोशित लोगों ने जेई और लाइनमैन को घेरकर हमले का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उन्हें बचाया। डरकर मरम्मत कार्य करने पहुंचे कर्मचारी सीढ़ी व अन्य सामान छोड़ कर भाग गए।
विज्ञापन


कर्रही सब स्टेशन से जुड़े इलाकों गुंजन विहार, बर्रा, गुलाबी बिल्डिंग चौराह से टापू चौराहा सहित अन्य इलाकों में पिछले 48 घंटे से भी ज्यादा समय से ट्रिपिंग और लोकल फॉल्ट की समस्याएं आ रही हैं। दिन में हर आधे घंटे में बिजली आती-जाती रही। देर रात 150-200 लोग कर्रही रोड जा पहुंचे और बैरियर लगाकर सड़क पर धरने पर बैठ गए। केस्को की टीम मरम्मत करने पहुंची तो घेर लिया। बर्रा पुलिस ने भीड़ को समझाकर शांत किया और उसके बाद मरम्मत कार्य शुरू हो सका। केस्को के मीडिया प्रभारी देवेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि यहां 400 केवी का ट्रांसफॉर्मर लगा है जो ओवरलोड हो गया। इतने ही केवीए का दूसरा ट्रॉली ट्रांसफॉर्मर लगवाया गया और लोड बांट कर आपूर्ति शुरू कराई जा रही है।

रिकॉर्ड बिजली खपत से बिजली गुल, लोगों में उबाल

मई की भीषण गर्मी में बिजली खपत का पांच साल का रिकॉर्ड टूट गया है। सोमवार को 792 मेगावाट बिजली की खपत दर्ज की गई। लोड बढ़ने से ट्रांसफॉर्मर हांफने लगे और एबीसी केबल फुंक रहे हैं। इससे घंटों बिजली गुल हो जा रही, चिलचिलाती गर्मी में परेशान लोग उपकेंद्रों का घेराव कर प्रदर्शन कर रहे हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत दक्षिणी इलाके में है।
विज्ञापन


सोमवार को 44 डिग्री पार कर गया। भीषण गर्मी में बिजली कटौती से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। केस्को के मुताबिक मई 2022 में 723, 2023 में 708, 2024 में 710, 2025 में 774 मेगावाट तक बिजली की अधिकतम खपत पहुंची थी। चार दिन से बिजली कटौती का दंश झेल रहे बर्रा, दरोगा गेस्ट हाउस चौराहा स्थित विद्युत कॉलोनी उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं का गुस्सा मंगलवार सुबह फूट पड़ा। लोगों ने केस्को सब स्टेशन पहुंचकर जमकर हंगामा किया। भीड़ देख कर्मचारी भाग खड़े हुए तो लोगों ने सब स्टेशन पर कब्जा कर नारेबाजी की और ताला लटका दिया।

आनन-फानन में टीम भेजकर मरम्मत कार्य शुरू कराया गया, शाम साढ़े चार बजे बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी। उपभोक्ताओं ने बताया कि चार दिन पहले ट्रांसफॉर्मर में दिक्कत आई थी। रात से अगले दिन दोपहर तक बिजली गुल रही। केस्को ने यहां दूसरा ट्रांसफॉर्मर लगवा दिया लेकिन वह भी ओवरलोड हो गया जिससे बार-बार एबीसी केबल फुंक रही। सोमवार रात से लगातार बिजली नहीं आ रही थी। प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया पर लोगों ने कहा कि बिजली आने के बाद ही जाएंगे। लोगों ने बताया कि बिजली चली जाती है तो अधिकारी जवाब नहीं देते। उधर फूलबाग, वीआईपी रोड सबस्टेशन पर मंगलवार सुबह फॉल्ट से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब दो घंटे बाद आपूर्ति सामान्य हो सकी। बिजली संकट से करीब पांच लाख की आबादी जूझती रही।

इन इलाकों में रही दिक्कत
दबौली, जरौली, विश्व बैंक बर्रा, ए, जे, डी, के सेक्टर, विद्युत कॉलोनी, बर्रा-2 से 6 तक, निरालानगर, लाल कॉलोनी, जूही, गोविंदनगर, बेकनगंज, चमनगंज, शास्त्रीनगर, विजयनगर, लाल बंगला आदि।

ओवरलोड हो रहे ट्रांसफॉर्मर
गर्मी के मौसम से पहले केस्को ने तैयारी नहीं की जिसका खामियाजा अब उपभोक्ताओं को उठाना पड़ रहा है। गर्मी बढ़ते ही हर घर में कूलर-पंखे के साथ एसी भी चलने लगे हैं। ओवरलोडिंग से ट्रांसफॉर्मरों पर लोड बढ़ रहा है। पहले से ही कमजोर ट्रांसफॉर्मर ये लोड झेल नहीं पा रहे और बार-बार जंफर या एबीसी केबल फुंक रही है। ट्रिपिंग भी बढ़ गई है।
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें