देवरिया के युवक से दयानंद कॉलेज में लैब असिस्टेंट की नौकरी दिलाने के नाम पर 21 लाख की धोखाधड़ी कर रकम हड़पने का मामला सामने आया है। आरोपी ने न तो नौकरी लगवाई और न ही रकम लौटाई। पीड़ित पिता का आरोप है कि रकम देने के बाद नौकरी न लगने पर जब रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
देवरिया के थाना मईल के ग्राम धरमेर निवासी खुवलाल प्रसाद ने दर्ज रिपोर्ट के अनुसार अनूप कुमार मिश्रा ने दयानंद कॉलेज छात्रावास में खुद को कर्मचारी बताया। आरोप है कि अनूप ने उनके पुत्र को एसटी कोटा के तहत दयानंद कॉलेज में लैब असिस्टेंट की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। आरोप है कि मार्च 2025 से दिसंबर 2025 के बीच आरोपी के केनरा बैंक खाते में अलग-अलग तिथियों में कुल 21 लाख रुपये जमा कराए। नौकरी न लगने पर रकम वापस करने का आश्वासन भी दिया गया था लेकिन न तो नौकरी मिली और न ही पैसा लौटाया गया।पीड़ित ने बताया कि उसने यह रकम ब्याज पर लेकर दी थी जिसका ब्याज भी करीब 4.63 लाख रुपये हो चुका है। आरोप है कि जब रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर से की। कोतवाली इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर अनूप कुमार मिश्रा के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।