रूमा में शनिवार को अवैध संबंधों के शक में श्वेता की गला दबाकर हत्या के मामले में पुलिस ने वीवीआईपी मूवमेंट के चलते सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। वहीं, फतेहपुर के मोहनपुर शाह गांव से पहुंची श्वेता की मां ऊषा ने बताया बेटी चोरी छिपे उन्हें इंस्टाग्राम पर वीडियो कॉल करती थी। सचिन बेटी को वीडियो कॉल पर उनके सामने ही थप्पड़ ही थप्पड़ जड़ता था। उन्हें बेटी से बात करने से मना करता था।
ऊषा ने आरोप लगाया कि हत्यारोपी सचिन झूठ बोल रहा था कि बेटी के साथ कमरे में लड़के मौजूद थे। सचिन व उसके परिजन दहेज में 10 लाख रुपये की मांग करते थे। दहेज न देने पर उनकी बेटी को भूखा रखते थे। मांग पूरी न होने पर उसे मार डाला। मां के अनुसार बेटी ने फोन कर बताया था कि उसे बहुत तकलीफ है। सचिन परेशान करता है। वह घर लौटना चाहती थी। ऊषा का आरोप है कि सचिन ने बेटी की हत्या साजिश के तहत की। बता दें सचिन ने बीते रविवार को थाने में पहुंचकर पत्नी की गला घोंटकर हत्या की बात कबूली थी। उसने बताया था कि पत्नी को घर में दो युवकों के साथ आपत्तिजनक हालत में देखकर वह आपा खो बैठा था जिसके चलते उसकी हत्या की थी। पुलिस ने उसे जेल भेजा था।