तालाब की भूमि पर अवैध कब्जे को हटाते कर्मी
- फोटो : amar ujala
कानपुर में घाटमपुर कस्बे से सटे ग्राम स्योंदी ललईपुर में हाईवे किनारे तालाब की भूमि पर अवैध निर्माण को हटवाने की कार्रवाई की गई है। एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने कब्जेदार को पुलिस के हवाले किया। हाईवे के किनारे होने से भूमि बेशकीमती बताई जा रही है। स्योंदी ललईपुर में कानपुर-सागर हाई वे किनारे तालाब की भूमि के पास गांव के श्रीपाल ने दुकानें बना ली थीं।
दुकानों के आगे पक्का चबूतरा बनाकर ऊपर टिनशेड लगा लिया था। थाना दिवस में मामला सामने आने पर एसडीएम संज्ञान लेते हुए मौके पर पहुंचे। नापजोख में मामला सही मिलने पर चबूतरा व टिनशेड हटवाने के निर्देश दिए। वहीं, कब्जा करने वाले श्रीपाल को पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद मौके पर राजस्व टीम ने भूमि से कब्जा अपनी देखरेख में हटवा दिया।