फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कानपुर पुलिस ने बताई लोकेशन, अपहृत छात्र अलीगढ़ में मिला, कहानी में कई झोल

Mon, 05 Apr 2021 12:17 AM IST
प्रभापुंज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

बिहार के दरभंगा से शनिवार शाम लापता हुए 11वीं के छात्र अभिषेक ठाकुर को रविवार दोपहर अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस से बरामद कर लिया। उसके पिता ने बिहार में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। लापता होने के बाद अभिषेक के फोन से चचेरे भाई और बहन के पास धमकी भरे मैसेज आए थे। जीआरपी को छात्र के पास से उसका फोन भी मिला है जिससे मैसेज भेजे गए थे। परिजन उसे अलीगढ़ से ले गए। छात्र की लोकेशन खोजने में कानपुर पुलिस की अहम भूमिका रही।

विज्ञापन


दरभंगा के बहादुरपुर निवासी रवींद्र ठाकुर सरकारी शिक्षक हैं। उनका इकलौता बेटा अभिषेक शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे चचेरी बहन को कोचिंग छोड़ने के बाद लापता हो गया था। कुछ देर बाद उसके नंबर से चचेरे भाई और बहन के पास धमकी भरे व्हाट्सएप मैसेज आए। यह देख रवींद्र ने बहादुरपुर थाने में अभिषेक के अपहरण का केस दर्ज कराया। रविवार सुबह उसकी फोन लोकेशन कानपुर में मिली। बिहार पुलिस ने कानपुर पुलिस से संपर्क किया। 

विज्ञापन

कानपुर पुलिस की सर्विलांस टीम और डीसीपी क्राइम सलमान ताज पाटिल की सूझबूझ काम आई। सर्विलांस टीम ने छात्र के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की जो अलग-अलग रेलवे स्टेशन की मिल रही थी। इससे डीसीपी क्राइम ने समय के आधार पर वहां से गुजरने वाली ट्रेन के बारे में रेलवे से जानकारी जुटाई।

तब पता चला कि दोपहर करीब एक बजे उसकी लोकेशन अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर है। डीसीपी क्राइम ने अलीगढ़ जीआरपी से संपर्क कर जानकारी दी। वहां रुकी स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस की चेकिंग की। इस दौरान अभिषेक एक बोगी में बैठा मिल गया। 

अपहरण की कहानी में झोल, दिल्ली में रहती है बहन
अभिषेक का कहना है कि तीन बदमाशों ने उसको बेहोश कर अगवा किया था। मगर उसकी कहानी में झोल ही झोल हैं। अगर किसी ने उसको अगवा किया था तो मोबाइल उसका क्यों नहीं छीना। जब जीआरपी ने छात्र को खोजा तो उसके साथ अपहर्ता क्यों नहीं मिले। पुलिस को आशंका है कि वो खुद घर से भागा और अब कहानी रचा रहा है। पिता ने बताया कि उसकी बहन शालिनी दिल्ली में रहती है, जिससे वो मिलने के लिए काफी दिनों से परेशान था। इसलिए शायद वो यहां से भाग गया। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें