कानपुर में ऑटो चालक के नाम पर 80 लाख का लोन कराकर रकम हड़पने के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। पुलिस अब वर्ष 2024 में लोन कराने वाले उन 10-12 लोगों का भी पता कर रही है। इनके आधार, मोबाइल नंबर व अन्य जरूरी कागजात शिवम ने सीए राहुल और बैंक अधिकारियों कुमार पवन व ज्ञानेंद्र को सौंपे थे। सभी लोगों को भी बुलाया जाएगा, ताकि पता चल सके कि उन लोगों ने वाकई कोई उद्यम लगाए हैं या फिर लोन की रकम का बंदरबांट किया।
सभी बिंदुओं की जांच की जाएगी। पुलिस का मानना है कि यदि वाकई शिवम की तरह किसी का कोई उद्यम नहीं मिला तो घोटाला करोड़ों का हो सकता है। इधर, पुलिस ने मंगलवार को उस कंपनी हैटल के अधिकारियों से संपर्क किया जिनके पास बैंक ने मशीन की खरीद के लिए सीधे रकम भेजी थी। कंपनी के अधिकारियों ने पुलिस को बताया कि खाते में रुपये आए थे। जो जरूरी मशीन मांगी गई थीं वो कंपनी की ओर से भेजी भी गई थीं। मशीनें किसने रिसीव की, इसकी जानकारी वाले कागज पुलिस बुधवार को देखेगी।