कानपुर। बागपत में एसटीएफ के हाथों मारे गए हरियाणा के रोहतक जिले के भेहणी महाराजपुर निवासी संदीप लोहार ने पनकी के लॉजिस्टिक पार्क से कंटेनर चोरी करने की पूरी साजिश रची थी। साथी कृष्णा के साथ डेढ़ माह तक इलाके की बाइक से रेकी की ताकि घटना में किसी तरह की कोई समस्या न आए। इसके बाद साथियों के साथ मिलकर 3.92 करोड़ रुपये कीमत की निकल प्लेट भरा कंटेनर 16 मार्च को चोरी कर लिया था।
मामले में पुलिस आठ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों के पास से 301 किलो निकिल प्लेटें, छह लाख रुपये, कंटेनर, हांडा अमेज कार बरामद की थी। हालांकि संदीप समेत पांच फरार आरोपियों को पुलिस नहीं पकड़ पाई थी। पनकी इंस्पेक्टर मानवेंद्र सिंह ने बताया कि वांछित आरोपियों में संदीप के अलावा उसका भाई मंदीप व काला लोहार व हरियाणा के हिसार का सोनू, और विभानी जिले का बादशाह शामिल था। कंटेनर चोरी करने के बाद उसे खाली कर पार्क से महज 300 मीटर दूर छोड़ दिया था। पुलिस की जांच में सामने आया था कि संदीप और उसके साथियों ने माल चोरी करने के बाद 1280 रुपये किलो के हिसाब से दिल्ली में माल बेचा था। 2800 से ज्यादा कैमरे खंगालते हुए कानपुर पुलिस हरियाणा तक पहुंची थी। इसके बाद पुलिस ने 27 मार्च को भिवानी के कृष्ण सिंह,राजकुमार, हिसार के ईश्वर सिंह, दिल्ली के सोनिया विहार के विनय शुक्ला, रोहतक के सुमित उर्फ मित्ती को गिरफ्तार किया था।