कमिश्नरी पुलिस की शनिवार को हुई अपराध समीक्षा पहली बार वर्चुअल मोड पर हुई। दोपहर ढाई से शाम सात बजे तक थानेदार, एसीपी, डीसीपी, अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था डॉ. विपिन कुमार ताडा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध व
मुख्यालय संकल्प शर्मा जुड़े। सबसे पहले 2010 से फरार चल रहे इनामी अपराधियों की धरपकड़ का रिपोर्ट कार्ड पढ़ा गया, जिसमें फिसड्डी मिलने पर रेलबाजार कोतवाली, कल्याणपुर के थानेदारों की क्लास लगी। अन्य वांछित इनामिया की गिरफ्तारी न होने पर बिठूर, नौबस्ता, नजीराबाद के इंस्पेक्टर से सवाल जवाब हुआ।
पुलिस कमिश्नर ने शांतिभंग और पाबंद की कार्रवाई से पहले उसको अच्छी तरह से समझ लें। घाटमपुर और चौबेपुर में हुई चोरियों और हत्या के खुलासे न होने की वजह से थानेदारों को चेतावनी दी गई।बेकनगंज को एनडीपीएस एक्ट में और कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया।
अपराध समीक्षा में दिए गए निर्देश:
- थानों और चौकियों में किसी संदिग्ध को अनावश्यक रूप से नहीं बिठाया जाए।
- पूछताछ के दौरान आवश्यकता के अनुसार जीडी में तस्करा डालें।
- थाना परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को सही कराएं।
- हिस्ट्रीशीट खोलते समय आरोपी की उम्र 21 साल से कम है तो सीबीसीआईडी के अनुमोदन के बाद ही कार्रवाई करें।
- बीट पुलिसिंग पर जोर दें। शातिरों की निगरानी व अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करें।
- नरवल, सचेंडी, चौबेपुर, पनकी, घाटमपुर में चोराें के संगठित गिरोहों पर कार्रवाई की जाए।
- महिला संबंधित अपराधों की बढ़ोतरी पर त्वरित कार्रवाई की जाए।
- सूखे नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाएं, खुले में शराब पीने वालों पर कार्रवाई करें।
- बकरीद पर्क को सकुशल संपन्न कराने के लिए क्षेत्र का निरीक्षण करें और अन्य विभागों से समन्वय बनाएं।