थाने में हंगामा करते पीड़ित वकील के साथी
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर विष्णुपुरी में शुक्रवार रात झगड़े की सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मी बार एसोसिएशन के पूर्व पदाधिकारी को पीटना शुरू कर दिया। पुलिसकर्मी वकील को पीटते-पीटते थाने ले आए। जानकारी होने पर सैकड़ों वकील थाने का घेराव कर हंगामा करने लगे।
तभी पीटने वाले पुलिसकर्मी भाग निकले। देर रात इंस्पेक्टर ने पीड़ित वकील को मेडिकल कराया और तहरीर ली। विष्णुपुरी निवासी विनय कनौजिया बार एसोसिएशन में मंत्री प्रकाशन के पद पर रह चुके हैं। शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे नवाबगंज पुलिस एक झगड़े की सूचना पर उनके घर के पास पहुंची।
विनय का आरोप है कि एसआई सतेंद्र यादव, एसएसआई देवेंद्र कुमार रावत समेत तीन चार पुलिसकर्मी उनको बेवजह पीटने लगे। थाने लाकर पीटा। घटना से आक्रोशित बार काउंसिल के पूर्व सदस्य धीरज उपाध्याय व सतेंद्र द्विवेदी, बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री योगेंद्र, अनूप शुक्ला समेत सैकड़ों वकील थाने पहुंच गए।
वे हंगामा, नारेबाजी करने लगे। बवाल बढ़ता देख कई थानों का फोर्स बुलाया गया। कार्रवाई के आश्वासन के बाद वह शांत हुए। इंस्पेक्टर दिलीप कुमार बिंद ने बताया कि मामले में विनय का मेडिकल कराया जा रहा है। तहरीर लेकर जांच की जा रही है। एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।