दक्षिण क्षेत्र में बना 100 बेड का अस्पताल
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री की ओर से 24 अप्रैल को 20,656 करोड़ की जिन 11 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया जाना है, उसमें दक्षिण क्षेत्र के किदवई नगर मौरंग मंडी स्थित 100 बेड का अस्पताल भी शामिल है। रविवार को इस संबंध में जिलाधिकारी की ओर से मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई।
इस अस्पताल का भवन बनकर तैयार है। इसके शुरू हो जाने से घाटमपुर, सजेती सहित आसपास के जिलों महोबा, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, जालौन के मरीजों के लिए भी इलाज कराना आसान हो जाएगा। अभी तक इन स्थानों के मरीज हैलट आ रहे हैं। इस अस्पताल के भवन निर्माण की कुल लागत 45 करोड़ बताई गई है। इसमें आईसीयू, इमरजेंसी, बाल रोग सहित कुल 10 विभाग संचालित होंगे। भवन का निर्माण करीब एक साल पहले पूरा हो चुका है। अन्य सुविधाएं भी जल्द ही बढ़ाई जाएंगी।
इनका भी होगा उद्घाटन शिलान्यास
660 मेगावाट की घाटमपुर तापीय विद्युत परियोजना 9,338 करोड़
660 मेगावाट की पनकी तापीय विस्तार परियोजना 8,305 करोड़
7 किलोमीटर लंबी चुन्नीगंज से कानपुर सेंट्रल तक मेट्रो रेल परियोजना 2,120 करोड़
बिनगवां में 40 एमएलडी क्षमता का टर्सरी ट्रीटमेंट प्लांट लागत 248 करोड़
पनकी रोड स्थित पनकी धाम क्रॉसिंग पर रेल उपरिगामी सेतु
पनकी पावर हाउस रेलवे क्रॉसिंग पर रेल उपरिगामी सेतु
जीटी मार्ग टाँस-नर्वल-अखरी-कुढ़नी के शेष भाग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण
ग्रेटर नोएडा की विद्युत परियोजनाएं भी शामिल
इकोटेक-8 में 132 के. वी. विद्युत उपकेंद्र व ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-10 में 132 के. वी. विद्युत उपकेंद्र के अलावा संबंधित लाइन यीडा के सेक्टर-28 में 220 केवी का विद्युत उपकेंद्र और संबंधित लाइन शामिल है।
24 को पीएम के साथ मंच में रहेंगे यह प्रमुख लोग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 24 को सीएसए मैदान में प्रस्तावित जनसभा के अवसर पर जिन प्रमुख लोगों की मंच पर मौजूदगी रहेगी, उनकी सूची सूचना विभाग की ओर से रविवार को जारी की गई। इनमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता, प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, सांसद रमेश अवस्थी, देवेंद्र सिंह भोले, अशोक रावत का नाम शामिल है।
मुख्यमंत्री ने की मेट्रो में यात्रा, नयागंज भूमिगत स्टेशन में देखी प्रदर्शनी
प्रधानमंत्री मेट्रो सेवा विस्तार के लिए हरी झंडी दिखाने से पहले वह नयागंज भूमिगत मेट्रो स्टेशन में लगी प्रदर्शन, मॉडल देखेंगे और वहां से रावतपुर मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो में सफर करेंगे। इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री ने रविवार दोपहर 2:45 बजे नवनिर्मित नयागंज मेट्रो स्टेशन पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। नॉन स्टाप ट्रेन में यात्रा के दौरान इस स्टेशन से रावतपुर एलिवेटेड स्टेशन तक जायजा लिया। नयागंज भूमिगत स्टेशन में प्रदर्शनी देखी। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने उन्हें मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्यों की भी जानकारी दी। आवासन एवं शहरी विकास मंत्रालय के अंतर्गत तैयार होने वाले आई- मेट्रो डाटा के ''की परफॉर्मेंस इंडिकेटर्स'' (केपीआई) या उत्कृष्टता सूचकांक में यूपीएमआरसी के विभिन्न श्रेणियों में श्रेष्ठ प्रदर्शन, चार मेगावाट के सोलर प्लांट की जानकारी दी। यात्रा में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, सांसद देवेंद्र सिंह भोले, सांसद रमेश अवस्थी, एमएसएमई मंत्री राकेश सचान, महापौर प्रमिला पांडेय, महेश त्रिवेदी, नीलिमा कटियार, मानवेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।