इत्र कारोबारी पीयूष जैन के खिलाफ दर्ज जीएसटी चोरी और सोना तस्करी दोनों मामलों में अगली सुनवाई 7 अक्तूबर को होगी। लगभग आठ माह जेल में रहा पीयूष जमानत पर छूटने के बाद पहली बार स्पेशल सीजेएम की अदालत में पेश हुआ। कोर्ट में बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान पीयूष के अधिवक्ताओं और अभियोजन पक्ष में तीखी बहस हुई।
विशेष लोक अभियोजक अम्ब्रीष टंडन ने तर्क रखा कि अभियुक्त को उसके खिलाफ लगाए गए आरोप व साक्ष्यों से संबंधित प्रपत्र दिए जा चुके हैं जबकि पीयूष के अधिवक्ता चिन्मय पाठक का कहना था कि उन्हें सभी प्रपत्र नहीं मिले हैं। इस मुद्दे को लेकर काफी देर तक कोर्ट में तरह-तरह से तर्क रखे गए।
अम्ब्रीष टंडन ने बताया कि अगली तारीख पर अभियोजन की ओर से साक्ष्य कोर्ट में पेश किए जाएंगे। प्रपत्र मामले में कोर्ट ने आदेश रिजर्व कर लिया है। वहीं मुकदमे से संबंधित आर्डरशीट नकल सवाल विभाग में गई हुई थी। जिसे कोर्ट ने तत्काल मंगाने के निर्देश भी दिए।