कानपुर में बिठूर थाना क्षेत्र के नारामऊ वैष्णों मंदिर हाईवे पर रविवार दोपहर रॉन्ग साइड से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक और चार बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी को हैलट पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। वहीं, दो बच्चों की हालत नाजुक बनी हुई है।
कल्याणपुर के माधवपुरम सोसाइटी निवासी सेवानिवृत्त लेखपाल बालादीन ने बताया कि उनका बेटा अवनीश कुमार (45) रविवार दोपहर करीब एक बजे मंधना स्थित महाराणा प्रताप कॉलेज के पीछे बने नए मकान से दूध लेकर बाइक से घर लौट रहा था। बाइक पर उसके साथ उनका बेटा अनुभव (9), बेटी शांभवी (10) और छोटे भाई जितेंद्र का बेटा यदुवीर सिंह उर्फ कृष्ण (11), बेटी नविका (13) भी सवार थे।