बाबूपुरवा में अभिषेक (25) ने चोरी की आत्मग्लानि में फंदा लगाकर जान दे दी। उसका शव दो दिन तक कमरे में पंखे से बंधे मफलर के सहारे लटकता रहा। शनिवार को भाई उसे कमरे में देखने पहुंचा तब घटना की जानकारी हुई। पुलिस व फॉरेंसिक को मौके से सुसाइड नोट मिला। इसमें लिखा था- मैंने चोरी की, मुझे अपनी गलती पर अफसाेस हो रहा है इसलिए मैं जान दे रहा हूं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
बगाही भट्टा निवासी अभिषेक पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। माता-पिता की मौत और तीन बहनों की शादी के बाद वह बड़े भाई सौरभ के साथ एक ही मकान में रहता था। दोनों अलग-अलग मंजिल पर रहते थे। सौरभ मजदूरी करता है जबकि अभिषेक नौघड़ा में कपड़े की दुकान पर काम करता था।
बाबूपुरवा थाना प्रभारी नीरज ओझा ने बताया कि सुसाइड नोट में अभिषेक चोरी करने की आत्मग्लानि में खुदकुशी करने का जिक्र किया है। हालांकि, चोरी कहां की थी, इसका जिक्र नहीं है। बड़े भाई को भी इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। मामले की जांच की जा रही है।