यात्रियों की बढ़ती संख्या और सुविधा को देखते हुए रेलवे ने सात जोड़ी विशेष ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसमें कानपुर, मुंबई, इंदौर, हजरत निजामुद्दीन, उधना, अयोध्या कैंट, मालदा टाउन, गांधीधाम, भागलपुर, अहमदाबाद और पटना के बीच चलने वाली विशेष ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे के अनुसार 09185/09186 मुंबई सेंट्रल-कानपुर अनवरगंज-मुंबई सेंट्रल साप्ताहिक स्पेशल का संचालन बढ़ाया गया है।
ट्रेन संख्या 09185 प्रत्येक रविवार को 30 अगस्त तक और 09186 प्रत्येक सोमवार को 31 अगस्त तक पांच-पांच अतिरिक्त फेरे लगाएगी। इसी तरह 09309/09310 इंदौर-हजरत निजामुद्दीन-इंदौर स्पेशल ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलेगी। 09309 शुक्रवार और रविवार को 30 अगस्त तक जबकि 09310 शनिवार और सोमवार को 31 अगस्त तक नौ-नौ अतिरिक्त फेरे लगाएगी। वहीं 09093/09094 और 09097/09098 उधना-अयोध्या कैंट-उधना साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनों के चार-चार अतिरिक्त फेरे बढ़ाए गए हैं। इसके अलावा 09033/09034 उधना-मालदा टाउन, 09451/09452 गांधीधाम-भागलपुर और 09447/09448 अहमदाबाद-पटना विशेष ट्रेनों का संचालन भी बढ़ाया गया है।