कानपुर कमिश्नरी पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सात दिवसीय विशेष अभियान ऑपरेशन शिनाख्त के तहत कार्रवाई करते हुए पांच वर्षों में चोरी, लूट, डकैती, स्नेचिंग, नकबजनी समेत संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल 4,436 वांछित और चिह्नित अपराधियों की पहचान कर उनका सत्यापन किया। अभियान के दौरान 1,634 अपराधियों का भौतिक सत्यापन किया गया, जबकि 1,238 अपराधियों के डोजियर तैयार कर उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी की व्यवस्था की गई।
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के निर्देश पर 14 जून से 20 जून 2026 तक यह विशेष अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य संपत्ति संबंधी अपराधों में सक्रिय, वांछित और फरार अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना था। अभियान के दौरान कमिश्नरी के चारों जोन सेंट्रल, पूर्वी, दक्षिण, पश्चिम की पुलिस टीमों ने चिह्नित अपराधियों के घर-घर पहुंचकर सत्यापन किया।