जालौन से लखनऊ जा रहे बाइक सवार तीन दोस्तों को अज्ञात वाहन ने पनकी थानाक्षेत्र में टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। जालौन के रूरा मल्लू निवासी राहुल का लखनऊ स्थित एक सेंटर में बीएससी कृषि का पेपर था।
इस वजह से वह गांव के ही शिवम कुमार का इकलौता बेटा शिवम कुमार (18) और अभय प्रताप के साथ बाइक से लखनऊ के लिए निकल गया। देर रात करीब ढाई बजे तीनों पनकी गैस प्लांट फ्लाईओवर के पास पहुंचे ही थे कि अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। शिवम बाइक चला रहा था इसलिए जबरदस्त टक्कर के चलते शिवम की एक आंख फूट गई और पीछे से गर्दन कट गई।
जबकि अभय और राहुल को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों को हैलट ले गई जहां डॉक्टरों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया। पनकी थाना प्रभारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि देर रात हादसा हुआ है। टक्कर मारने वाले वाहन की जानकारी जुटाई जा रही है।