परिजनों का कहना है कि वर्ष 2012 में निकाह के बाद से ही रुपये की मांग को लेकर शिबा को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
फर्रुखाबाद ले जाकर बेरहमी से पीटा
मछरिया स्थित बरकती मस्जिद के पास रहने वाली मृतका की मां शर्मिला बेगम ने बताया कि बेटी शिबा का निकाह फर्रुखाबाद के घोड़ा नक्खास निवासी दिलशाद खलीफा से हुआ था। आरोप है कि शादी के करीब 02 वर्ष बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग नकदी की मांग को लेकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से मारपीट करते थे। करीब एक सप्ताह पहले पति दिलशाद शिबा को फर्रुखाबाद ले गया, जहां उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसकी हालत मरणासन्न हो गई।
अस्पताल में भर्ती कराकर भागा पति
हालत बिगड़ने पर आरोपी पति उसे हैलेट अस्पताल में भर्ती कराकर मायके वालों को सूचना देकर मौके से भाग निकला। परिजनों ने जब अस्पताल पहुंचकर देखा तो शिबा के शरीर पर चोटों के गंभीर निशान थे। इलाज के दौरान रविवार देर रात उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। नौबस्ता इंस्पेक्टर बहादुर सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।