भीतरगांव (घाटमपुर)। विकास खंड क्षेत्र में बनाए गए धान खरीद स्थलों में केंद्र प्रभारियों की मनमानी से किसान परेशान हैं। अभी तक कई केंद्रों में मानक के अनुरूप खरीद नहीं हो पाई है। शिकायत के बाद एसडीएम ने कई केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इसकी भनक मिलते ही दो क्रय केंद्रों के प्रभारी मौके से गायब हो गए।
भीतरगांव ब्लॉक के दो किसानों ने एसडीएम नरवल को फोन पर अवगत कराया था कि लगातार खरीद केंद्र जाने के बाद भी प्रभारी धान नहीं ले रहे हैं। इसके बाद बुधवार को एसडीएम नरवल ने रसूलपुर-जाजमऊ और रसूलपुर-उमरा के धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। एसडीएम नरवल रिजवाना शाहिद ने बताया कि भीतरगांव विकास खंड के रसूलपुर-जाजमऊ गांव में बने धान क्रय केंद्र में लापरवाही के चलते धान खरीद नहीं हो पा रही है। निरीक्षण की भनक मिलते ही केंद्र प्रभारी राजबहादुर मौके से गायब हो गया। केंद्र प्रभारी अभी तक केवल 338 क्विंटल धान की ही खरीद कर पाया। खरीदे गए धान से भरे बोरे खुले में ही रखे मिले। बताया केंद्र प्रभारी के गायब होने से धान खरीद रजिस्टर की भी जांच नहीं हो पाई।
इसके बाद एसडीएम रिजवाना शाहिद रसूलपुर-उमरा गांव के खरीद केंद्र पहुंचीं। यहां पर भी केंद्र प्रभारी सत्येंद्र सिंह मौके पर नहीं मिले। धान खरीद की तौल कर रहे कर्मचारियों ने एसडीएम को बताया कि केंद्र प्रभारी सत्येंद्र सिंह मटियारा स्थित राइस मिल गोदाम में भेजे गए धान की गुणवत्ता की शिकायत मिलने पर मौके पर गए हैं। इस केंद्र में तकरीबन 3115 क्ंिवटल धान की खरीद हुई है। एसडीएम ने बताया कि खरीद केंद्रों में प्रभारी द्वारा लापरवाही बरतने पर एएमओ को पत्र लिखकर कार्रवाई के लिए कहा गया है। इस मौके पर राजस्व निरीक्षक मुकेश कुमार भी साथ रहे।