घाटमपुर। घाटमपुर विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के जनसंपर्क के दौरान ग्रामीण को रुपये देने का वीडियो वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में बुधवार दोपहर जनसंपर्क के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. कृपाशंकर संखवार जेब में हाथ डालकर रुपये निकालते हुए दिख रहे हैं। उनसे रुपये लेकर दूसरा युवक ग्रामीण को रुपये थमाता दिखाई दे रहा है। एसडीएम अरुण कुमार ने बताया कि वीडियो उन तक पहुंचा है। नोटिस जारी कर मजिस्ट्रेट को भेजकर सत्यता की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. कृपाशंकर संखवार ने कहा कि जेब से विजिटिंग कार्ड निकालकर दिया गया था। यह दुष्प्रचार विपक्षियों की साजिश है।
भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष कृष्ण मुरारी शुक्ला ने कहा कि चुनाव संचालन समिति की बैठक में वीडियो देखने के बाद चुनाव आयोग से शिकायत संबंधी निर्णय पर विचार किया जाएगा।