चौबेपुर (बिल्हौर)। क्षेत्र के पचोर गांव में करंट की चपेट में आकर दो सगे भाइयों की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। गांव में मातम पसरा है। जवान बेटों को खोने के गम में बुधवार को भी मां जय देवी दिन में कई बार बेहोश हुई, वहीं पिता रामकुमार उन्हें ढांढस बंधाते रहे।
पचोर गांव निवासी रामकुमार के दो पुत्रों अजय व करन की सोमवार की देर रात उस समय मौत हो गई थी, जब घर के बाहर टूटे पड़े बिजली के तार की चपेट में आकर पहले अजय व उसे बचाने के प्रयास में करन की मौत हो गई। दोनों भाई देर रात चचेरी बहन रेनू का तिलक चढ़ाकर घर लौटे थे। शवों का पोस्टमार्टम करा दिया गया। इसके बाद परिजन दोनों शवों को लेकर गांव पहुंचे थे। कुछ देर घर पर रुकने के बाद दोनों की अर्थियां उठीं। अजय व करन के बड़े भाई विनोद व बहनें दुलारी, ओमी व ऊषा एक दूसरे को ढांढस बंधाते रहे।
बुधवार को रतनपुर, शिवराजपुर निवासी अमित व उसके पिता रामबाबू की मौजूदगी में नाते रिश्तेदारों द्वारा 11 दिसंबर को तय शादी कार्यक्रम तो फिलहाल आगे के लिए टाल देने पर विचार चलता रहा। वहीं, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता पीके मोगा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व विद्युत सुरक्षा रिपोर्ट आते ही विभाग से दी जाने वाली 5-5 लाख रुपये की सहायता धनराशि पिता के खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी।