बिल्हौर। सेठ रोशन लाल गुप्ता दुकान के मालिक की पत्नी और बैंककर्मी बहू पर नौकर चाकू से हमला कर दिया। हमले में बहू लहूलुहान हो गई। आनन-फानन में परिजनों ने सीएचसी बिल्हौर में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे कानपुर हैलट रेफर कर दिया। आरोप है कि बहू ने नौकर को अलमारी से रुपये निकालते पकड़ लिया था। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ ही मामले की जांच कर रही है।
जीटी रोड सराफा बाजार में सेठ रोशन लाल गुप्ता के नाम से दुकान है। कोतवाली बिल्हौर के सब इंसपेक्टर चंद्रप्रकाश तिवारी ने बताया कि बुधवार शाम करीब सात बजे दुकानदार प्रेम प्रकाश और उनकी पत्नी चमन गुप्ता, पुत्र प्रियंक गुप्ता दुकान मेें थे, तभी उनकी बहू प्रेरणा उत्तरीपुरा से दुकान के ऊपर बने घर पहुंची। आरोप है कि तभी एक नौकर प्रीत कुमार निवासी महाराणा प्रताप को प्रेरणा ने एक अलमारी से रुपये निकालते पकड़ लिया। इस पर प्रीत कुमार ने प्रेरणा पर चाकू से हमला कर दिया, चीखपुकार सुनकर दौड़ी उनकी सास चमन पर कपड़े की गांठ फेंक दी और मौके से भाग गया। हमले में चमन बाल-बाल बच गईं। वहीं लहूलुहान हालत में परिजनों ने प्रेरणा को सीएचसी बिल्हौर में भर्ती कराया, हालत गंभीर होने उन्हें सीएचसी के डाक्टरों ने कानपुर हैलट रेफर कर दिया। मालूम रहे कि सेठ रोशन लाल गुप्ता की दुकान में 21 जनवरी 2020 व 17 नवंबर 2020 को आग लग चुकी है पर इसके कारणों का पता नहीं चल सका।