शिवराजपुर (बिल्हौर)। दुबियाना गांव में घर में लगे बिजली के तारों से निकली चिंगारी से पूरी गृहस्थी राख हो गई। घर के अंदर लेटा बच्चा भी झुलस गया। परिजनों ने आनन फानन बच्चे को सीएचसी शिवराजपुर भर्ती कराया, जहां हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल कानपुर रेफर कर दिया गया।
दुबियाना गांव निवासी सुनील ने बताया की बुधवार की दोपहर अचानक बिजली आने से घर में लगे तारों से निकली चिंगारी से छप्पर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपने चपेट में ले लिया। घर के अंदर उनका पांच वर्षीय बेटा अंश लेटा था। वह भी गंभीर रूप से झुलस गया। आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। डॉक्टरों के अनुसार, बच्चा 70 फीसदी जल चुका है, उसकी हालत गंभीर थी, इस कारण उसे जिला अस्पताल कानपुर रेफर कर दिया गया है। वहीं, माता सोनी का कहना है की खाना खाने के बाद बच्चा घर में सोया था, तभी यह घटना घट गई।