अपार्टमेंट में रहने जैसे महंगे शौक और गर्लफ्रैंड के चक्कर में हैंडबॉल और हॉकी के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी लुटेरे बन गए। कॉलेज स्तर की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खेल चुके इन खिलाड़ियों ने साथियों संग मिलकर रैकेपुर में शिवली के व्यापारी को लूटा था। सचेंडी पुलिस ने रविवार को फतेहपुर निवासी दिनेश कुमार उर्फ सीटू यादव, अभिषेक कुमार, श्रेयांस सिंह और रायबरेली निवासी उत्कर्ष को गिरफ्तार का लूट का खुलासा कर दिया। उत्कर्ष हॉकी और श्रेयांस हैंडबॉल का खिलाड़ी है। उत्कर्ष बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन (बीपीएड) और श्रेयांस बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स (बीपीएस) का छात्र है।
कानपुर देहात के शिवली निवासी संकेत त्रिपाठी का गिफ्ट पैकिंग का काम है। 11 जुलाई को दिल्ली से माल लेकर लौटते समय रावतपुर में रात ढाई बजे एक सफेद रंग की कार खड़ी मिले। इसमें चार लोग बैठे थे। उन्होंने शिवली जाने की बात कही तो वह बैठ गए। रैकेपुर चौकी के पास सुनसान जगह देखकर शातिरों ने मारपीट कर नकदी, सामान और मोबाइल छीनकर यूपीआई के माध्यम से 15 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए।