कानपुर में कारोबारी के अपहरण, डकैती व रंगदारी वसूलने से संबंधित कोतवाली में दर्ज मुकदमे में आरोपी अधिवक्ता अरिदमन सिंह व नारायण सिंह भदौरिया को अपर जिला जज 20 नीलांजना की अदालत से जमानत मिल गई है। कोर्ट ने एक-एक लाख रुपये की दो जमानतें व निजी मुचलका दाखिल करने पर दोनों को इस मुकदमे में रिहा करने के आदेश कर दिए हैं। हालांकि अन्य मुकदमों में जमानत न मिलने के कारण अभी दोनों की रिहाई नहीं हो सकेगी।
नवीन मार्केट स्थित कमाल फुटवियर के मालिक केशवनगर निवासी राकेश अरोड़ा ने 15 जून को कोतवाली में धीरज दुबे उर्फ ट्विंकल, नीरज दुबे उर्फ सोनू पंडित और 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें कहा था कि दीनू उपाध्याय गैंग के सदस्य धीरज व नीरज अक्सर उसकी दुकान पर आकर बिना रुपये दिए सामान ले जाते थे। इन लोगों ने कहा कि दीनू ने दस लाख रुपये रंगदारी मांगी है।