रायपुरवा में इसी घर में हुई थी हत्या
- फोटो : अमर उजाला
रायपुरवा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुरवा में आपसी सहमति में रह रही महिला भारती गौतम की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या के मामले में पीरोड निवासी मौसरे भाई सोनू ने प्रेमी रोहित उर्फ दिलीप कुमार के खिलाफ रविवार को हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस को पड़ोसी के घर में लगे सीसी कैमरे के फुटेज में रोहित बुधवार दोपहर भारती को कही ले जाते नजर आया। रात को घर लौटा। फिर रात आठ बजे से 10 बजे के बीच वह गली में इधर-उधर चक्कर काटता नजर आया।
बाद में घर से जैकेट पहनकर निकल गया। तब से उसे किसी ने नहीं देखा। पुलिस को आशंका है कि लौटने के बाद ही दोनों में झगड़ा हुआ जिसके बाद प्रेमी ने भारती की हत्या कर दी। कैमरे का डीवीआर पुलिस साथ ले गई है। अब तक जांच में पुलिस के सामने आया है कि रोहित दो-तीन और नाम इस्तेमाल करता था। फॉरेंसिक टीम को भारती गौतम और वाहिद नाम से दो आधार कार्ड भी मिले जबकि पूरी बस्ती में उसका नाम रोहित ही पता था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने की पुष्टि हुई है। वहीं, विसरा सुरक्षित रखने के साथ ही स्लाइड बनाई गई।
दोनों पीते थे शराब फिर होता था झगड़ा
पड़ोसी समेत अन्य लोगों ने बताया कि भारती और रोहित दोनों शराब पीते थे। इसके बाद आपस में झगड़ा करते थे। दोनों किसी कारखाने या फैक्टरी में काम करते थे। ज्यादातर उनके घर पर ताला लगा रहता था।