कल्याणपुर में रोड पर बस खड़ा करने से लगा जाम
- फोटो : अमर उजाला
आईआईटी जा रहे पुलिस कमिश्नर का काफिला गुजरने के कुछ देर बाद कल्याणपुर मेट्रो स्टेशन के पास टीएसआई और रोडवेज बस चालक में विवाद हो गया। विवाद जाम की स्थिति को खत्म कराने को लेकर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक का आरोप था कि टीएसआई ने उसकी बस में डंडा मारकर शीशा तोड़ दिया। वहीं, टीएसआई ने आरोप लगाया कि बस हटाने के लिए कहने पर चालक, परिचालक ने बस को बीच सड़क पर खड़ा कर जाम लगाने की कोशिश की। विरोध करने पर अभद्रता की। पुलिस फोर्स को देख दोनों भाग निकले। टीएसआई ने चालक और परिचालक के खिलाफ कल्याणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
टीएसआई मुनेंद्र प्रताप सिंह बिठूर रोड तिराहे पर रविवार सुबह यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। उन्होंने बताया कि आजादनगर डिपो की बेला बिधूना की ओर जाने वाली रोडवेज बस सड़क पर खड़ी थी। इससे जाम की स्थिति बन रही थी। उन्हाेंने बस चालक शैलेंद्र से बस आगे बढ़ाने के लिए कहा तो वह बहस करने लगा। चालक ने जानबूझकर बस को तिरछा खड़ा कर दिया। इससे वाहनों का जाम लगने लगा।
टीएसआई का आराेप है कि चालक को समझाने की कोशिश की तो उसने उनसे अभद्रता करते हुए उन पर बस चढ़ाने की धमकी दी। बस का परिचालक रंजीत भी उसका साथ दे रहा था। टीएसआई ने घटना की सूचना कल्याणपुर थाने में दी तो पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही चालक और परिचालक बस छोड़कर भाग निकले। एसीपी कल्याणपुर रंजीत ने बताया कि टीएसआई की तहरीर पर ड्राइवर शैलेंद्र और परिचालक रंजीत के खिलाफ अभद्रता, धमकी देना और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। बस को थाने में खड़ा कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। परिवहन निगम के आरएम महेश कुमार ने बताया की मामले की जांच कराई जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।