मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलते सांसद रमेश अवस्थी
- फोटो : अमर उजाला
शहर सांसद रमेश अवस्थी ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर नगर के सर्वांगीण विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की। सांसद ने मुख्यमंत्री से शहर में क्रांतिकारी गंगू वाल्मीकि की विशाल प्रतिमा स्थापित करने की मांग की। उन्होंने बताया कि गंगू वाल्मीकि ने अंग्रेजों के विरुद्ध आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और उनकी प्रतिमा से आने वाली पीढ़ियों को बलिदान और संघर्ष की प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने शहर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए कार्ययोजना बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। इसके साथ ही सांसद ने ग्रीन पार्क मैदान की क्षमता बढ़ाने, पनकी पड़ाव ओवरब्रिज, गोविंदनगर पुल, रानीघाट से ट्रांस गंगा तक डबल पुल का शीघ्र निर्माण कराने की मांग रखी।उन्होंने दादानगर पुल के उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री से समय निर्धारित करने का आग्रह किया। सांसद ने नगर निगम के स्कूलों को कॉन्वेंट की तर्ज पर विकसित करने का सुझाव दिया।