संघ प्रमुख ने केशव भवन का किया उद्घाटन
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सर संघ चालक डॉ. मोहन मधुकर भागवत ने सोमवार को महानगर में प्रदेश के पहले बहुमंजिले संघ भवन (केशव भवन) का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारत दुनिया में प्रतिष्ठित और सुरक्षित हो रहा है। विश्व भर में रहने वाले हिंदुओं की प्रतिष्ठा बढ़ रही है।
कहा कि संघ का कार्य सिर्फ संघ का नहीं, समाज का कार्य है। जो खुद को हिंदू कहते हैं, आने वाले समय में उनसे पूछा जाएगा कि उन्होंने अपने देश के लिए क्या किया। भागवत ने कहा कि देश में हिंदू समाज के संगठन का कार्य संघ कर रहा है। संघ अपना काम स्वयंसेवकों के बलबूते पर चलाता है। वह अपने काम के लिए समाज से कुछ नहीं लेता है। समाज के काम के लिए वह समाज से सहयोग लेता है। पूरे समाज को अपने लिए, अपने देश के लिए काम करना चाहिए। जब भी किसी देश में समाज यह काम करता है, तो उसका प्रत्येक व्यक्ति और परिवार सुखी होता है।
यह भी पढ़ें-
UP: चुन्नीगंज से कानपुर सेंट्रल तक मेट्रो में सफर कर सकते हैं मोदी, यूपीएमआरसी ने शुरू की तैयारियां
डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर उन्हें याद करते हुए कहा कि यह सौभाग्य है कि बाबा साहेब के जन्म दिवस के अवसर पर संघ भवन का उद्घाटन हो रहा है। इस दौरान उन्होंने भवन में बनाए गए आंबेडकर सभागार का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर और संघ को स्थापित करने वाले डॉ. हेडगेवार दोनों ने हिंदू समाज के लिए काम किया। दोनों विभूतियों का विचार इस देश को आगे ले जाने का रहा है। बताया कि डॉ. आंबेडकर ने कहा था कि उनके और संघ के बीच मतभेद रहा, लेकिन संघ के विचार और कार्यों के प्रति उनकी आत्मीयता रही। वह संघ को अपनत्व के भाव से देखते थे।
यह भी पढ़ें-
Kanpur: प्रधानमंत्री, संघ प्रमुख के आगमन के मद्देनजर नगर निगम ने चलाया विशेष सफाई अभियान,सड़कों की कराई मरम्मत