कानपुर के चकेरी थाना प्रभारी पर शिकायत करने पहुंची एक युवती ने अभद्रता करने का आरोप लगाया है। वहीं थाना प्रभारी का कहना है कि उन्होने कोई अभद्रता नहीं की है। मामले में जांच चल रही है।
कानपुर के चकेरी थाना निवासी एक युवती ने इंस्पेक्टर पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। युवती ने बताया कि आरोपी ने उससे पहली शादी छिपाकर शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता जब शिकायत लेकर थाने पहुंची तो प्रभारी ने कार्रवाई करने के बजाय अभद्र टिप्पणी करते हुए कहा कि तुम आठ माह क्यों उसके साथ रहीं?
विज्ञापन
चकेरी निवासी युवती ने बताया एक साल पहले उसकी दोस्ती इलाके के एक युवक से हुई थी। उसने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। किराये का कमरा लेकर उसके साथ रहने लगा। दो जनवरी को शादी का दबाव बनाने पर उनके बीच झगड़ा हो गया।
इसके बाद आरोपी युवक बिना बताए कहीं चला गया। काफी खोजबीन के बाद उसके घर पहुंची तो पता चला कि वह शादीशुदा है। दो बच्चे भी हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि मुकदमा लिखने के बजाय चौकी प्रभारी सुखराम रावत ने कहा कि शरीयत के अनुसार एक से अधिक पत्नी रखना जायज है।
विज्ञापन
अगर कार्रवाई कराना चाहती तो उसे ढूंढकर लाओ। हम लोग चुनाव में व्यस्त हैं। मंगलवार को एसीपी कैंट मृगांक शेखर पाठक से शिकायत करने पर उन्होंने थाना प्रभारी को कार्रवाई के आदेश दिए। आरोप है कि थाने पहुंचने पर थाना प्रभारी मधुर मिश्रा ने उसे अपमानित किया। वहीं थाना प्रभारी का कहना है कि उन्होंने कोई अभद्रता नहीं की है। बुधवार को पीड़िता की मेडिकल कराने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।