शास्त्रीनगर निवासी 10वीं के छात्र अनिकेत सैनी उर्फ समीर (17) ने बुधवार रात सुसाइड नोट में ब्लैकमेल की बात लिखकर पनकी धाम स्टेशन में ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। आरोप है स्कूल के कार्यक्रम में छात्रा संग ली गई फोटो को लेकर किशोर धमका रहा था।
अनिल सैनी दादानगर फैक्टरी में काम करते हैं। परिवार में पत्नी अनीता, बेटी गुनगुन और बेटा अनिकेत था। पिता अनिल ने बताया कि अनिकेत विजयनगर स्थित एक प्राइवेट स्कूल में 10वीं का छात्र था। वह क्षेत्र में ही एक शिक्षक से रात में कोचिंग पढ़ता था। बताया कि रोज की तरह वह बुधवार रात नौ बजे घर से कोचिंग पढ़ने निकला था। अनिकेत के कोचिंग ना पहुंचने पर कोचिंग शिक्षक ने इसकी जानकारी परिजन को दी तो सभी तलाश करने निकल पड़े। इस दौरान परिजन को उसकी बहन के आईपैड के कवर में दो पर्चियों पर लिखा सुसाइड नोट मिला। पिता के अनुसार, उसमें लिखा था कि इलाके में रहने वाला उसे ब्लैकमेल कर रहा है। इससे परेशान होकर वह आत्महत्या करने जा रहा है।
परिजन ने घटना की जानकारी काकादेव पुलिस को दी। रातभर परिजन अनिकेत की तलाश करते रहे लेकिन उसका कुछ नहीं पता चला। गुरुवार सुबह परिजन पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे तो उन्हें एक छात्र के पनकी में ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या की जानकारी हुई। इस पर परिजन पनकी पहुंचे और उसकी शिनाख्त अनिकेत के रूप में की। काकादेव इंस्पेक्टर राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि किशोर से पूछताछ की गई है। परिजन तहरीर देते हैं तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
गमगीन परिजन
- फोटो : अमर उजाला
सुसाइड नोट... लड़की के घर कोई न जाए
अनिकेत का दो पर्चियों में सुसाइड नोट मिला है। पहली पर्ची में लिखा है कि यह गलती पड़ोसी की है, हम जा रहे हैं, यहां से बहुत दूर, हम बोल रहे हैं कि उस लड़की की गलती नहीं है। इसके बाद दूसरी पर्ची में लिखा कि मैं समीर सैनी हूं, मुझे मेरी गली का लड़का ब्लैकमेल करता है। मैं जा रहा हूं मरने, उसको कड़ी से कड़ी सजा मिले। इसके बाद लड़की का जिक्र किया कि उसकी कोई गलती नहीं है, उसके घर तक कोई नहीं जाए।
दो सप्ताह से कर रहा था परेशान
पिता के अनुसार, जनवरी में अनिकेत ने स्कूल के कार्यक्रम में दूसरे समुदाय की छात्रा संग फोटो खींची थी और सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। आरोप है कि क्षेत्र का एक किशोर उस फोटो को दोनों के परिवार को दिखाने की बात कहकर दो सप्ताह से ब्लैकमेल कर रहा था। इस कारण वह बहुत डर गया था। बुधवार शाम कोचिंग जाने से पहले अनिकेत उसी किशोर के पास गया था। उसकी छत पर करीब एक घंटे तक बात की। उससे कहा कि फोटो किसी को मत दिखाना। परिजन के अनुसार यह बात उसी किशोर ने कबूली है।