Kanpur News: कांशीराम कॉलोनी के पास स्थित खुले नाले में शनिवार दोपहर एक अधेड़ का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और अंदेशा जताया है कि नाला पार करते समय वह फिसल गया होगा।
कानपुर में पनकी के कांशीराम कॉलोनी के पास स्थित पैराडाइज इंटर कॉलेज के बगल में खुले नाले में शनिवार दोपहर को अधेड़ का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक की पहचान कबाड़ बीनने का काम करने वाले 45 साल के बंगाली के रूप में हुई है। अधेड़ का नाले के दूसरे तरफ अंगौछा टंगा मिला, जिससे कयास लगाया जा रहा है कि वह नाले पर पड़े स्लैब के सहारे नाला पार करने की कोशिश कर रहा होगा।
विज्ञापन
इस दौरान असंतुलित होकर नाले में गिर गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक बंगाली का परिवार में कोई नहीं है। इसी वजह से उसका कोई स्थाई ठिकाना नहीं था। वह कांशीराम कॉलोनी में ही इधर-उधर सो जाता था। पुलिस ने लोगों की मदद से शव को बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और जांच में जुट गई है पनकी थाना प्रभारी मनोज भदौरिया ने बताया कि युवक का शव नाले में मिला था। पोस्टमार्टम के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।