उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने बनाए भूमिगत मेट्रो स्टेशन
- फोटो : अमर उजाला
सेंट्रल भूमिगत मेट्रो स्टेशन से यात्रियों को 16-16 मिनट में मेट्रो मिलेंगी। वहां से 27 मिनट में आईआईटी स्टेशन पहुंचाएगी। इसका किराया 40 रुपये निर्धारित किया गया है। बुधवार को उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने तय किया कि आईआईटी से पहली ट्रेन सेंट्रल स्टेशन जाएगी, दूसरी मोतीझील स्टेशन से ही लौटेगी। इसी तरह तीसरी ट्रेन सेंट्रल और चौथी मोतीझील तक ही सीमित रहेगी। यह क्रम सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक लागू रहेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए एक ट्रेन अतिरिक्त चलाई जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 तारीख को सीएसए स्थित सभास्थल से मेट्रो की यात्री सेवा विस्तार के लिए लोकार्पण जरूर करेंगे, पर उस दिन लोकार्पण ट्रेन में कुछ सरकारी स्कूलों के बच्चे ही नयागंज से मोतीझील स्टेशन तक सफर करेंगे। यात्री सेवाएं 31 मई को सुबह छह बजे से शुरू होंगी। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) की तरफ से तय किए गए शेड्यूल के मुताबिक आईआईटी से मोतीझील तक ट्रेनें पूर्ववत अप लाइन से आएंगी और डाउन लाइन से लौटेंगी।
कानपुर मेट्रो
- फोटो : अमर उजाला
वहीं, मोतीझील से कानपुर सेंट्रल स्टेशन तक भूमिगत सेक्शन में ट्रेन जिस ट्रैक से जाएगी, उसी से लौटेंगी। यह व्यवस्था अक्तूबर या नवंबर तक रहने संभावना है। इसके बाद कॉरिडोर-1 के शेष हिस्से अर्थात सेंट्रल स्टेशन से नौबस्ता तक यात्री सेवा शुरू होते ही सभी ट्रेनें आईआईटी से करीब 23.4 किलोमीटर दूर नौबस्ता मेट्रो स्टेशन तक जाएंगी और वहां से आईआईटी तक लौटेंगी।
यूपीएमआरसी के एमडी ने स्थानीय अफसरों के साथ बैठक कर समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। फिलहाल कॉरिडोर-1 में आईआईटी से नौ किलोमीटर दूर मोतीझील एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन तक छह ट्रेनें चल रही हैं। करीब छह- सात मिनट में ट्रेन मिल रही है। 31 मई से मोतीझील के आगे चुन्नीगंज भूमिगत मेट्रो स्टेशन से कानपुर सेंट्रल भूमिगत मेट्रो स्टेशन तक यात्री सेवा की शुरूआत से ही सात ट्रेनें चलने लगेंगी। यात्री बढ़ने पर ट्रेनों की संख्या भी बढ़ाने की योजना है।
कानपुर मेट्रो
- फोटो : अमर उजाला
यह है योजना
यूपीएमआरसी की तरफ से लोकार्पण के लिए तैयार की गई योजना के मुताबिक 30 मई को सीएसए स्थित सभास्थल में मेट्रो के एमडी सुशील कुुमार प्रधानमंत्री को मेट्रो का मॉडल देंगे। लोकार्पण और मेट्रो विस्तार के संबंध में तैयार की गई लघु फिल्म चलने के बाद प्रधानमंत्री सभास्थल से ही बटन दबाएंगे और नयागंज भूमिगत स्टेशन से ट्रेन मोतीझील मेट्रो स्टेशन के लिए रवाना होगी।