कानपुर। भुवनेश्वर में आयोजित 19वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया सम्मेलन में कानपुर, लखनऊ और आगरा मेट्रो की ट्रेनों के मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) के प्रदर्शनी स्टॉल का उद्घाटन किया। 23 से 25 अक्तूबर तक आयोजित सम्मेलन में यूपीएमआरसी ने मेट्रो की आधुनिक यात्री सुविधाओं, पर्यावरण संरक्षण की पहल और विस्तार योजनाओं को प्रदर्शित किया।
केंद्रीय मंत्री ने सुरक्षित और टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन के प्रयासों की सराहना की। साथ ही मेट्रो को अन्य परिवहन साधनों से जोड़कर सफर आसान बनाने पर चर्चा की। इस पर कानपुर मेट्रो के स्टेशन सेंट्रल, झकरकटी, रावतपुर और कल्याणपुर जैसे प्रमुख रेलवे व बस स्टेशनों के नजदीक विकसित करने की जानकारी दी गई। उद्घाटन के दौरान यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।