शिकोहाबाद से कानपुर सेंट्रल आ रही मेमू का पावर बुधवार रात रूरा-मैथा के बीच अचानक फेल हो गया। मेन लाइन पर मेमू खड़ी होने से दिल्ली-कानपुर रेलमार्ग पर करीब सवा दो घंटे तक ट्रेनों का संचालन ठप रहा। पटना, भुवनेश्वर और हावड़ा राजधानी समेत करीब 12 ट्रेनें रास्ते में फंस गईं। कई ट्रेनों को रास्ते के स्टेशनों पर रोकना पड़ा।
रात करीब नौ बजे रूरा से मैथा के लिए रवाना हुई मेमू करीब सात मिनट बाद ही मेन लाइन पर खड़ी हो गई। चालक और सहायक चालक ने पावर ठीक करने की काफी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद कंट्रोल को सूचना दी गई। मेन लाइन बाधित होने से दिल्ली की ओर से कानपुर आ रही ट्रेनों का संचालन रोकना पड़ा।
करीब सवा दो घंटे की मशक्कत के बाद रात सवा 11 बजे रेल संचालन बहाल हो सका। इसके बाद रास्ते में फंसी ट्रेनों को एक-एक कर निकाला गया। राजधानी समेत कई ट्रेनों के यात्री इस दौरान परेशान रहे। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक मेमू के पावर में तकनीकी खराबी आई थी। मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।
साढ़े नौ घंटे देरी से पहुंची मेमू
पावर फेल होने के कारण मेमू करीब साढ़े नौ घंटे की देरी से गुरुवार तड़के साढ़े पांच बजे कानपुर सेंट्रल पहुंची। ट्रेन में सवार करीब 450 यात्रियों को पूरी रात गर्मी और उमस के बीच गुजारनी पड़ी। यात्री संदीप व धर्मेंद्र ने बताया कि लंबे समय तक ट्रेन के खड़े रहने पर परेशानी हुई।