फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur: ट्रक चालक की हत्या व 25 लाख की लूट का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 25 हजार का है इनामी

Sun, 05 Mar 2023 04:32 PM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
(सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन
कानपुर में ट्रक चालक की हत्याकर 25 लाख का माल लूटने के मामले में शनिवार को क्राइम ब्रांच ने मास्टरमाइंड नवाबगंज के ख्यौरा निवासी ओमप्रकाश कटियार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके पहले वारदात में शामिल पांच सदस्यों को पुलिस जेल भेज चुकी है। मास्टरमाइंड पर पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था।
विज्ञापन


ट्रांसपोर्ट मालिक एहसान उल्ला खान ने चार जुलाई वर्ष 2022 को जूही थाने में अमानत में खयानत की एफआईआर ट्रक चालक इंद्रकुमार व उसके बेटे इंद्रपाल के खिलाफ दर्ज कराई थी। आरोप लगाया था कि ट्रक चालक 25 लाख का प्लास्टिक दाना लेकर फरार है। पुलिस को जांच के दौरान चोरी गया खाली ट्रक पांच जुलाई को दिल्ली के अलीपुर में लावारिस मिला। पुलिस ने 24 जुलाई को 25 लाख का 960 बोरी माल नार्थ दिल्ली के रोहिल्ला सराय स्थित इंद्रलोक डीडीए फ्लैट में रहने वाले मो. आसिफ के पास से बरामद किया।

आसिफ की मदद से पुलिस ने वारदात में शामिल उसके भाई मो. कासिम, मो. अजहर, उसके पिता मो. यूसुफ व कानपुर देहात जिले के अकबरपुर के सिंगसियापुर निवासी मो. उस्मान अली उर्फ तनकू उर्फ अजय को गिरफ्तार किया। इन्होंने मास्टरमाइंड नवाबगंज, ख्यौरा निवासी ओमप्रकाश कटियार का नाम बताया। पुलिस ने दर्ज मुकदमे में अपहरण, लूट, हत्या की धाराएं तरमीम करके ओमप्रकाश (32) शनिवार को भौंती बाईपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में उसने ट्रक चालक की हत्याकर शव को हाथरस के सिकंदरा राऊ थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे फेंकने की बात कबूली।

चाय में जहर देने के बाद गला दबाकर की थी हत्या
क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर रविशंकर त्रिपाठी के अनुसार ओमप्रकाश पेशे से ट्रक चालक है। वह ट्रक चालकों से दोस्ती कर अंजाम देता था। इंद्र कुमार के साथ ओमप्रकाश भी साथ गया था। उसने रास्ते में चाय में जहर मिलाकर पिला दिया। बदहवास होने पर गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को फेंक दिया था। मास्टरमाइंड के खिलाफ जूही, नौबस्ता, घाटमपुर, नवाबगंज थाने में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

कराई जा सकती है डीएनए जांच 
इंस्पेक्टर रविशंकर ने बताया कि एक टीम हाथरस गई थी। वहां पता चला कि ट्रक चालक के शव का पुलिस ने अज्ञात में अंतिम संस्कार करा दिया। कपड़ों की मदद से परिजनों से शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। यदि कोई आशंका होगी तो सुरक्षित किए गए बिसरा की मदद से डीएनए जांच कराई जा सकती है। 
विज्ञापन

आजीवन कारावास की हो चुकी सजा
घाटमपुर में महिला से दुष्कर्म, हत्या के मुकदमे में कोर्ट ने उसे दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। वह हाईकोर्ट से जमानत पर बाहर था। इस बीच उसने फिर से हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें