महाराजपुर थाना क्षेत्र के सरसौल में बुधवार को स्कूल की छुट्टी के समय कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर भीषण जाम लग गया। जाम के कारण लोग अंडरपास की तरफ पहुंचे तो बाइक, चारपहिया, स्कूली बसों के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम का आलम यह था कि एक अंडरपास से दूसरे अंडरपास तक वाहनों के आपस में उलझने से करीब 50 मिनट तक यातायात ठप हो गया। इस दौरान अस्पताल जा रही एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। उसमें सवार गर्भवती 30 मिनट तक तड़पती रही। स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों ने जूझबूझ से किसी तरह जाम खुलवा कर एंबुलेंस को रवाना कराया।
वाहनों के बीच फंसी सायरन बजाती एंबुलेंस का शोर भी जाम में बेजार हो गया। एंबुलेंस करीब आधे घंटे तक जाम में फंसी रही जिससे स्थिति बेहद गंभीर हो गई। आगे निकलने के चक्कर में वाहन एक दूसरे के आगे जाकर फंस गए। हर कोई एक दूसरे को पीछे वाहनों को बैक करने के लिए कहता रहा। किसी तरह एक घंटे बाद अपने आप ही धीरे-धीरे करके जाम खुल गया। व्यापारियों ने बताया कि अंडरपास के पास आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है।