कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत श्याम नगर इलाके में मंगलवार को एक बंद पड़े मकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। मिनी कंट्रोल रूम से मिली सूचना पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में तत्काल फायर स्टेशन जाजमऊ से एक फायर टेंडर को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
घटनास्थल पर पहुंची दमकल टीम ने देखा कि मकान अंदर से बंद था और भीतर से आग की लपटें निकल रही थीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर यूनिट ने बिना समय गंवाए त्वरित गति से कार्य शुरू किया। दमकलकर्मियों ने तुरंत पानी की तेज बोछार की और कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझा दिया।