अनवरगंज थाना क्षेत्र के बांसमंडी में स्थित सोहनलाल कंपाउंड के दूसरे तल पर सैडलरी फैक्टरी में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। ऊंची लपटें देख वहां काम करने वाले कर्मचारियों ने भाग कर अपनी जान बचाई। पुलिस और दमकल की छह गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सीएफओ ने आग का कारण प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट बताया है। आग के बीच फंसे सात से ज्यादा लोगों को अग्निशमन कर्मियों ने सकुशल बाहर निकाला।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 11 बजे कंट्रोल रूम में बांसमंडी निवासी बिलाल ने सोहन लाल कंपाउंड में स्थित आसिफ अनवर के लेदर वेयर्स (इंडिया)(सैडलरी फैक्टरी) में द्वितीय तल पर आग की सूचना दी। घनी आबादी के बीच आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर फजलगंज, कर्नलगंज, लाटूश रोड, जाजमऊ, मीरपुर, पनकी, किदवईनगर से आधा दर्जन से ज्यादा दमकल की गाड़ियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए।
कारखाने में लगी भीषण आग
- फोटो : अमर उजाला
अग्निशमन टीमों ने चारों ओर से घेराबंदी कर आग बुझाने का कार्य शुरू किया। समय रहते आग को अन्य तलों तथा आसपास के आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया। कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूर्ण रूप से नियंत्रित कर लिया गया।
कारखाने में लगी भीषण आग
- फोटो : अमर उजाला
आग से फिलहाल लाखों को नुकसान बताया जा रहा है। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सीएफओ ने बताया कि आग का धुंआ करीब दो किमी दूर से नजर आ रहा था। उनकी टीम ने घटना के दौरान कंपाउंड से सात से ज्यादा लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।