कलक्टरगंज गल्लामंडी के रुई गोदाम में चौथे दिन शुक्रवार को फिर से आग धधक उठी। अचानक ऊंची-ऊंची लपटें देख अपनी-अपनी दुकानों के राहत कार्य में जुटे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए बाहर भागे। अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। दमकल की एक गाड़ी ने आधे घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
कलक्टरगंज गल्लामंडी में मंगलवार दोपहर थिनर गोदाम में बड़े ड्रमों से छोटे ड्रम में माल पैकिंग के दौरान धमाका हुआ था, जिसमें शुक्लागंज निवासी गया प्रसाद की जलकर मौत हो गई। करीब आठ लोग आग की चपेट में आने से झुलस गए थे। आग से वहां की कई छोटी-बड़ी दुकानें जलाकर राख हो गईं। घटना में करीब 20-25 करोड़ का नुकसान की संभावना जताई गई। बुधवार को फिर से अलग-अलग गोदामों में आग सुलगती रही। दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। अग्निकांड को देखते हुए मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने व्यापारियों के साथ पीड़ितों से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया था।