पनकी स्थित खाद्य तेल चोरी कर बेचने के मामले में गुजैनी पुलिस ने टर्मिनल यार्ड के मेंटनेंस इंजीनियर ज्वाला सिंह, सुपरवाइजर चमन प्रजापति व एक ऑटो चालक दीपेंद्र को गिरफ्तार किया है। इंजीनियर ने साथियों संग मिलकर पंद्रह लाख रुपये में तेल चोरी का सौदा तय किया।
तीनों अंदर से तेल हॉज पाइप के जरिये माफिया शुभम के गिरोह तक पहुंचाया और फिर शुभम का गिरोह तेल को बाजार में बेचने की फिराक में था। इस दौरान एक ऑटो सवार सहयोगी आसपास निगरानी करता रहता। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से छह लाख रुपये और एक ऑटो बरामद किया है।
डीसीपी साउथ आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि पनकी के रानीगंज भट्ठा एरिया में कानपुर लॉजिस्टिक पार्क यार्ड हेड करुण दुबे ने यार्ड से खाद्य तेल चोरी होने की शिकायत की थी। मामले में तेल चोरी के धंधे में संलिप्त शिवदत्त गुप्ता को गिरफ्तार किया गया था। उसी की निशानदेही पर चोरी के तेल से भरा एक टैंकर भी बरामद किया गया। जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि तेल माफिया शिवम मिश्रा के गिरोह के साथ मिलकर वह यार्ड से चोरी करके बाहर बेचता था। तेल चोरी करने में यार्ड का मेंटेनेंस इंजीनियर शताब्दीनगर निवासी ज्वाला सिंह रतनपुर निवासी सुपरवाइजर चमन प्रजापति के साथ मिलकर मदद करता था। बरामद हुए टैंकर में 30 लाख रुपये कीमत का खाद्य तेल भरा था। इसके लिए ज्वाला और चमन से 15 लाख में सौदा तय हुआ। 11 लाख रुपये दे भी दिए गए। हालांकि इस बीच गुप्ता का शुभम से पैसों को लेकर विवाद हो गया और वह सीधा डील करने के लिए यार्ड इंचार्ज के पास पहुंच गया। इसी के बाद तेल चोरी के खेल का खुलासा हो गया।
13 मिनट में हो जाता था तेल पार
जांच में पता चला कि इंजीनियर और सुपरवाइजर की देखरेख में यार्ड के बाहर खड़े टैंकर में महज 13 मिनट में 25 मीट्रिक टन तेल भर दिया जाता था। इस दौरान रतनपुर निवासी दीपेंद्र ऑटो से निगरानी करता रहता था। पुलिस या यार्ड के किसी कर्मी के आने पर वह इशारा कर देता। टैंकर में तेल भरने का जिम्मा शुभम मिश्रा, सत्यम और लालू संभालते थे। पुलिस तीनों की तलाश कर रही है।
उफनाकर गिरने की वजह से कम होता था तेल
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यार्ड में गुजरात की रिफाइनरी से तेल आता है। जिस दिन उसे बड़े-बड़े टैंकों में भरा जाता, वे उसी दिन तेल चोरी करते। पिछले करीब आठ माह से वे लोग 20 लीटर के केन में भरकर तेल चोरी कर रहे थे। जब स्टॉक में तेल कम निकलता तो तेल भरते समय टैंक से उफनाकर फैलने का बहाना बना देते। गुजैनी थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि इस बार सत्यम, शुभम और लालू ने फतेहपुर के व्यापारी से 25 टन मीट्रिक तेल का सौदा किया। मंगलवार देर रात आरोपियों ने टैंक नंबर सात से तेल चोरी किया था।