प्रेमिका की शादी तय होने की खबर मिलते ही प्रेमी ने टूटे दिल का दर्द व्हाट्सएप स्टेटस पर जाहिर किया। इसके बाद फंदा लगाकर जिंदगी को अलविदा कह दिया। घटना रावतपुर के छपेड़ा पुलिया में स्थित एक मेस में सोमवार रात हुई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मूलरूप से बलिया के रसड़ा चंदवार गांव निवासी लकी सिंह उर्फ राजा (29) छपेड़ा पुलिया के पास स्थित बाबा आनंदेश्वर भोजनालय में केयरटेकर था। माता-पिता की मौत के बाद वह अपने चाचा बृजेश के घर पर वर्ष 2014 से रावतपुर में रह रहा था। चाचा के अनुसार लकी का बीते जनवरी से बर्रा की एक युवती से प्रेम प्रसंग था। उसकी शादी तय होने के बाद से लकी मानसिक तनाव में था। सोमवार शाम वह पत्नी सुनीता के साथ लखनऊ चंद्रिका देवी मंदिर गया थे। बेटा आर्यन घर पर ही था।
आर्यन ने बताया कि वह रात में मेस में रोटी लेने गए तो लकी का रोटी बनाते वीडियो बनाया था। इसके बाद वह घर लौट आए। देर रात लकी ने प्रेमिका को पंखे से लटकते हुए फंदे का वीडियो भेजा। साथ ही व्हाट्सएप पर स्टेटस भी लगाया। देर रात दोस्त मोहित ने लकी का स्टेटस देख जानकारी दी तो परिजन मेस पहुंचे जहां उसका शव फंदे से लटका मिला।रावतपुर इंस्पेक्टर कमलेश राय ने बताया प्रेमिका की शादी तय होने पर युवक ने आत्महत्या की है।